योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पाटन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक अजय विश्नोई के साथ कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों से संवाद किया तथा शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
क्षेत्र भ्रमण की शुरुआत ग्राम नुनसर से हुई। विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पुलिस चौकी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नुनसर के बाद दल ग्राम उड़ना पहुंचा। यहां स्थानीय कृषक ओमकार पटेल के खेत में लगी धान की फसल पर ड्रोन के माध्यम से नैनो यूरिया के छिड़काव का लाइव प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने आधुनिक कृषि तकनीक के उपयोग और इसके संभावित लाभों की जानकारी ली।
अभियान के तहत जनपद पंचायत पाटन के सभाकक्ष में उद्यम संवाद एवं जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विधायक विश्नोई, कलेक्टर सिंह और पुलिस अधीक्षक उपाध्याय ने इसमें भाग लिया। जनपद पंचायत परिसर में स्थानीय उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनके कार्य और उत्पादों की जानकारी भी ली।


