25.5 C
Jabalpur
September 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

महाकौशल क्षेत्र को मिलेगी भेड़ाघाट पूलिंग सबस्टेशन से 600 मेगावाट बिजली



जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220 केवी सबस्टेशन नयागांव (जबलपुर) और नरसिंहपुर को शीघ्र ही विद्युत पारेषण का एक नया एवं विश्वसनीय स्रोत मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने भेड़ाघाट क्षेत्र में चल रहे परियोजना कार्यों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रबंध संचालक ने भेड़ाघाट सबस्टेशन के समीप पूलिंग सबस्टेशन से लिलो प्वाइंट तक निर्मित हो रही 220 केवी लाइन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन से पहले शेष कार्य पूर्ण किए जाएं ताकि इसका लाभ इसी सीजन में  मिल सके।

वर्तमान में नयागांव और नरसिंहपुर सबस्टेशन मुख्य रूप से पावर ग्रिड के 400 केवी सूखा सबस्टेशन तथा जनरेशन कंपनी के अमरकंटक और बिरसिंहपुर स्रोतों पर निर्भर हैं। बढ़ते लोड को देखते हुए एमपी ट्रांसको ने पावर ग्रिड के 765 केवी भेड़ाघाट पूलिंग सबस्टेशन से अतिरिक्त विद्युत निकासी की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है। इसके तहत 220 केवी जबलपुर-नरसिंहपुर लाइन के दोनों सर्किटों को भेड़ाघाट सबस्टेशन में लिलो किया जा रहा है। लम्हेटी गांव से भेड़ाघाट तक लगभग 7 किलोमीटर लाइन के लिए 45 टावर स्थापित किए जा रहे हैं।

परियोजना पूर्ण होने पर नयागांव और नरसिंहपुर सबस्टेशन को 300-300 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत पारेषण क्षमता उपलब्ध होगी। इससे महाकौशल क्षेत्र की उपलब्ध स्थानांतरण क्षमता (एटीसी) बढ़ेगी तथा विद्युत पारेषण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनेगी।

पावर ग्रिड के 765 केवी भेड़ाघाट पूलिंग सबस्टेशन में 500-500 एमवीए क्षमता के दो 400/220 केवी ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे लगभग 1000 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत उपलब्ध रहेगी। साथ ही एनटीपीसी चीचली (गाडरवाड़ा) से मध्यप्रदेश के हिस्से की 756 मेगावाट बिजली की निकासी भी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। यह व्यवस्था जबलपुर, नरसिंहपुर और पिपरिया क्षेत्र की आगामी वर्षों की विद्युत आवश्यकता को पूरा करने में सहायक होगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस) डी.के. अग्रवाल, मुख्य अभियंता (कार्य) एस.के. दुबे, अधीक्षण अभियंता आर.एस. पांडेय, कार्यपालन अभियंता हर्ष श्रीवास्तव, ए.पी.एस. चौहान, जितेंद्र तिवारी तथा सहायक अभियंता राजेश तिवारी उपस्थित थे।

अन्य ख़बरें

भाजपा नेताओं ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के गिनाए फायदे, विपक्ष को भी दिया जवाब

Newsdesk

पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने व्यापार असंतुलन, सप्लाई चेन और बाजार पहुंच पर की चर्चा

Newsdesk

हरियाली के रंग में रंगा  हाईकोर्ट बार

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading