September 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

NH-44 पर 5 लाख की लूट का खुलासा, केरल गैंग के तीन आरोपी त्रिशूर से गिरफ्तार

50 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे तीन शातिर आरोपी, मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी_सिवनी- लखनादौन थाना क्षेत्र में NH-44 पर हुई करीब 5 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय लुटेरी गैंग के तीन आरोपियों को केरल के त्रिशूर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में लूट की रकम, वारदात में इस्तेमाल वाहनों और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने लगातार जांच करते हुए इस वारदात की कड़ियां जोड़ीं। पुलिस ने करीब 150 CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपियों के केरल कनेक्शन का सुराग मिला। इसके आधार पर विशेष टीम केरल रवाना की गई और त्रिशूर जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

*टोल पार करते ही कार को घेरकर की लूट*

पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 की रात करीब 11:58 बजे फरियादी सगताराम देवासी निवासी गंगासरा अपने साथी जेठाराम के साथ क्रेटा कार क्रमांक MH27DU 6216 से जबलपुर से मुंबई की ओर खिलौने एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने जा रहा था। मड़ई टोल पार करने के बाद NH-44 पर एक इनोवा कार क्रमांक MH04 CJ 8534 ने उनकी कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया।

आरोप है कि बदमाशों ने लोहे के पाइप से क्रेटा कार के चारों ओर के शीशे तोड़ दिए। जान बचाने के लिए सगताराम ने कार पीछे मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आगे खड़ी पीले रंग की नंबर प्लेट वाली वैगनआर कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। घबराकर सगताराम और जेठाराम वाहन से उतरकर भाग गए। कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो कार में रखा करीब 5 लाख रुपये की नकदी वाला बैग गायब मिला।

घटना की रिपोर्ट पर थाना लखनादौन में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत धारा 309(4), 324(5), 126(2), 3(5) BNS के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

*150 CCTV फुटेज से मिला केरल गैंग का सुराग*

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम गठित की। टीम ने NH-44 सहित संभावित मार्गों के करीब 150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को वारदात में केरल के अंतर्राज्यीय गिरोह के शामिल होने का सुराग मिला।

इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने केरल पहुंचकर त्रिशूर जिले में दबिश दी और तीन आरोपियों प्रवीण पिता प्रकाशन, जिजो के.जे. पिता जॉनी तथा अरुण पी.सी. पिता चंद्रन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनादौन लाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

*मास्टरमाइंड सलीश के.वी. की तलाश*

पुलिस के मुताबिक इस लूटकांड का मास्टरमाइंड सलीश के.वी. (कोरट्टिकादान हाउस), पुलिप्परक्कुन्नु बताया गया है। पुलिस उसकी तथा वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

*गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया*

गिरफ्तार आरोपी अरुण पी.सी., प्रवीण और जिजो के.जे. के खिलाफ केरल के विभिन्न थानों में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। इनमें मारपीट, हथियार अधिनियम, धमकी, वाहन संबंधी अपराध, केरल पुलिस एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस अब आरोपियों से लूट की रकम, वारदात में शामिल अन्य सदस्यों और घटना में इस्तेमाल वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

*दो वाहन भी जांच के केंद्र में*

पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल इनोवा क्रमांक MH04 CJ 8534 तथा वैगनआर क्रमांक KL64N9241 की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही लूटी गई करीब 5 लाख रुपये की रकम बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*

इस कार्रवाई में एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी, उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी लखनादौन के.पी. धुर्वे, थाना प्रभारी आदेगांव आशीष धुर्वे, थाना प्रभारी छपारा सुक्कुलाल उइके, साइबर सेल एवं लखनादौन सहित विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अन्य ख़बरें

ट्रैक्टर ट्रायल के बहाने वाहन ले गया मिस्त्री, बैटरी-ऑयल और 35 लीटर डीजल गायब; पाटन थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

आवास फाइनेंस कराने के नाम पर 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, विजयनगर थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

WhatsApp पर आया लिंक खोला, शिक्षक के बैंक खाते से 64 हजार रुपये गायब, ग्वारीघाट थाने में मामला दर्ज

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading