न्यायालय में पहनाई एक-दूसरे को वरमाला
जबलपुर। जिला न्यायालय जबलपुर में आयोजित नेशनल लोक अदालत में आपसी समझाइश, संवाद और पारिवारिक सहयोग के जरिए दो वैवाहिक विवादों का सुखद समाधान हुआ। लंबे समय से अलग रह रहे दो दंपत्तियों ने पुराने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। रिश्तों के दोबारा जुड़ने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा।
एमजेसीआर में आवेदिका धंतीबाई, पति जितेन्द्र, निवासी जबलपुर ने वैवाहिक विवाद को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था। सुनवाई के दौरान पति जितेन्द्र भी उपस्थित रहे। न्यायाधीश श्रीमती रेणू खेस ने दोनों पक्षों से संवाद कर उन्हें समझाइश दी। आपसी बातचीत और पारिवारिक सहयोग से दोनों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेद दूर हुए। पति-पत्नी ने पुराने विवाद भूलकर साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद जितेन्द्र अपनी पत्नी धंतीबाई को सम्मानपूर्वक वैवाहिक गृह ले जाने के लिए सहमत हुए।
इसी तरह एक अन्य मामले में करीब छह वर्षों से अलग रह रहे सोहन और प्रीति ने भी आपसी मनमुटाव भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। न्यायालय की समझाइश और परिजनों के सहयोग से दोनों के बीच फिर विश्वास कायम हुआ। न्यायालय कक्ष में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ रहने और सुख-दुःख में एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस भावुक क्षण के साक्षी न्यायाधीश श्रीमती दीपा पॉल, परिजन, अधिवक्तागण और न्यायालयीन स्टाफ रहे। दोनों प्रकरणों में आपसी राजीनामे के आधार पर सौहार्दपूर्ण निराकरण किया गया।


