विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम
जबलपुर। गणेशोत्सव को शहर में हर्षोल्लास, भव्यता और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, सफाई और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजामों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि सभी गणेश पंडालों में वैध टीसी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा, ताकि शॉर्ट सर्किट सहित विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। आपात स्थिति में त्वरित संपर्क और समन्वय के लिए प्रत्येक पंडाल के मुख्य द्वार पर समिति प्रमुख का नाम एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना भी जरूरी होगा।
उन्होंने शहर के मुख्य मार्गों, गलियों और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन मार्गों की स्ट्रीट लाइटें चालू रखने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा, ताकि उत्सव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विसर्जन स्थलों पर विशेष व्यवस्था
महापौर ने बताया कि हनुमानताल, भटौली, अधारताल, गोकलपुर और तिलवारा सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। विसर्जन मार्गों एवं कुंडों के आसपास लटकते बिजली के तारों को समय रहते सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित कराया जाएगा।
बैठक में महापौर ने नगर के सभी पार्षदों से प्रकाश व्यवस्था एवं स्थानीय स्तर की तैयारियों को लेकर सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ जनसहयोग से गणेशोत्सव को सुरक्षित और निर्विघ्न बनाया जाएगा।
बैठक में एमआईसी सदस्य श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, अपर आयुक्त वी.एन. बाजपेई, कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे सहित सभी संभागीय उपयंत्री उपस्थित रहे।


