जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पानी की टंकी के नीचे टपरिया बनाकर रह रहे 50 वर्षीय जगदीश सिंह मरावी की बीती रात सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दो संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक अग्नू और परीवा जगदीश की टपरिया में पहुंचे थे। दोनों कुछ देर तक वहां रुके और जगदीश से बातचीत करने के बाद वहां से चले गए। उनके जाने के बाद जगदीश टपरिया में सो गया।
पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी बाद में दोबारा वहां पहुंचे। गहरी नींद में सो रहे जगदीश पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। आरोपियों ने उसके सीने पर एक के बाद एक तीन वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार सुबह जगदीश का रक्तरंजित शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए पुलिस जब अग्नू और परीवा के ठिकाने पर पहुंची तो दोनों वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


