24.1 C
Jabalpur
October 6, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

ग्वालियर से नागपुर जा रहे कंटेनर में ठूंस-ठूंसकर भरे मिले 70 गौवंश, एक आरोपी गिरफ्तार


सिवनी- कोतवाली पुलिस ने गौ-तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 70 गौवंश को क्रूरता से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार गौवंश को ग्वालियर से सागर, नरसिंहपुर और सिवनी के रास्ते नागपुर स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश को अमानवीय तरीके से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने छिंदवाड़ा ब्रिज के ऊपर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का कंटेनर क्रमांक MH 46 DL 0755 वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर 70 नग गौवंश मिले। पुलिस के अनुसार गौवंश की गर्दन, मुंह और पैरों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। वाहन में चारा, भूसा, पानी तथा पर्याप्त रोशनी और हवा की व्यवस्था भी नहीं थी। कई गौवंश अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने सभी गौवंश को मुक्त कराया और कंटेनर जब्त कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार, विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक बहार ए आलम पिता रहीस अहमद (40), निवासी जाहिद नगर करुला, थाना कटघर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9, मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 6, 7, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने जब्त गौवंश को सुरक्षा के साथ दयोदय जीव रक्षा संस्थान, बींझावाड़ा में सुरक्षित रखवाया है, जबकि जब्त कंटेनर को रक्षित केंद्र सिवनी में खड़ा कराया गया है। जब्त मशरूका में करीब 10 लाख रुपये कीमत का कंटेनर और 70 गौवंश शामिल हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, सउनि जसवंत सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अन्य ख़बरें

पनागर बायपास पर स्कूटर लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

सूने मकान में लाखों की नकबजनी का खुलासा, महाराष्ट्र के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

Newsdesk

*दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन राशि बनी आत्मनिर्भरता का आधार, दीपक ने शुरू की किराना दुकान

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading