*
सिवनी- मुख्यमंत्री दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना जरूरतमंद दिव्यांगजनों के जीवन में आर्थिक संबल के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। योजना से प्राप्त सहायता राशि का सदुपयोग कर ग्राम बंडोल, जनपद पंचायत सिवनी निवासी अस्थि बाधित दिव्यांग श्री दीपक चौहान ने अपना किराना व्यवसाय प्रारंभ किया है।
श्री दीपक चौहान को मुख्यमंत्री दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई। उन्होंने इस राशि का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करते हुए किराना दुकान प्रारंभ की। दुकान के माध्यम से उन्हें नियमित आय का साधन मिला है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
श्री दीपक चौहान बताते हैं कि शासन की योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया। आज किराना दुकान उनके लिए आय का माध्यम बनने के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का आधार भी बनी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाएं उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं


