जबलपुर। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये लेने और नौकरी नहीं लगने के बाद भी रकम वापस नहीं करने की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने किरण शर्मा और उनके पति अजय शर्मा उर्फ अजय चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पैसे जुटाने के लिए उन्हें जेवर और खेती गिरवी रखनी पड़ी तथा उधार लेना पड़ा।
शक्ति नगर बदनपुर निवासी मनोज प्रधान उड़के, 37 वर्ष, ने लिखित शिकायत में बताया कि 2020 में परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात दंपती से हुई थी। आरोप है कि रेल पुलिस में नौकरी और बाद में स्थायी नियुक्ति का भरोसा दिलाकर उनसे छह लाख रुपये मांगे गए। मनोज के अनुसार मार्च 2022 से जनवरी 2023 के बीच नकद और ऑनलाइन भुगतान के जरिए उन्होंने पूरी रकम दे दी, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला।
मनोज का आरोप है कि नौकरी और पैसे वापस मांगने पर बहाने बनाए गए तथा बाद में धमकी दी गई। शिकायत में अन्य लोगों से भी रकम लेने के आरोप हैं। पुलिस ने किरण और अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। शिकायत में बताए गए अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।


