पुलिस को चकमा देकर खेत में भागा चालक, घेराबंदी के दौरान सिद्धबाबा मोड़ पर छोड़ गया वाहन
जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरगवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की सफेद कार से 17 पेटी शराब जब्त की है। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने शराब और कार जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोटेगांव की ओर से सफेद रंग की बिना नंबर की वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में शराब लेकर चरगवां की तरफ आया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सनेर नदी मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पीछा करने पर वह मेन रोड स्थित सिद्धबाबा मोड़ के पास कार छोड़कर खेत में भाग गया। पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कार की तलाशी में 17 पेटियों में 730 पाव शराब, 12 बोतल व्हिस्की और 24 केन बीयर सहित विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसमें गोवा शराब के 250 पाव, मैकडॉवेल्स व्हिस्की के 144 पाव, ओल्ड मंक रम के 48 पाव, मैकडॉवेल्स रम के 240 पाव, ब्लैक बकार्डी रम के 48 पाव, आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 12 बोतल और बडवाइजर बीयर के 24 केन शामिल हैं।
पुलिस ने शराब और कार जब्त कर चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह पटेल, राम सिंह जाट, प्रधान आरक्षक भगवत तथा आरक्षक विजय बरकड़े और रामकुमार कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


