मंडला। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना एवं भारतीय सेना के अधिकारियों ने महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, एमडीसी एनसीसी विद्यार्थियों तथा अन्य छात्र-छात्राओं को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना से वारंट ऑफिसर जगबीर सिंह एवं सार्जेंट अमन तथा 1 एम.पी. आर्टिलरी रेजीमेंट एनसीसी, जबलपुर से हवलदार सत्यप्रकाश उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना एवं भारतीय वायु सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा करने के अवसरों तथा भर्ती प्रक्रिया से अवगत कराना था।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पीपीटी प्रस्तुति एवं वीडियो के माध्यम से अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं तथा चयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाईं। इस दौरान विद्यार्थियों को सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों में भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भुवनेश्वर टेभरे, जिला रोजगार कार्यालय से दीपक साहू, एनसीसी के सीनियर अंडर ऑफिसर पल्लवी यादव, अंडर ऑफिसर आशीष मार्को, अंडर ऑफिसर महिमा नंदा, जतिन भांडे, कृष्ण कुमार, विनय हरदहा, अमन यादव शानु यादव सहित महाविद्यालय के अनेक एनसीसी केडेट एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश धुर्वे द्वारा किया गया। यह मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी रहा। इससे विद्यार्थियों को भारतीय सेना एवं भारतीय वायु सेना में करियर बनाने के अवसरों को समझने तथा अपने भविष्य की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण दिशा प्राप्त हुई।


