November 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर और कानूनी अधिकार



‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुभारंभ
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशों के पालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) जबलपुर द्वारा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कृष्णमूर्ति मिश्र के कुशल मार्गदर्शन में इस अभियान का आगाज पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल के बालक छात्रावास से हुआ।

अभियान के प्रथम दिन “मेरा बचपन, मेरा अधिकार” विषय पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग किया गया।

गुड टच-बैड टच की पहचान और पोक्सो एक्ट की दी जानकारी

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शक्ति वर्मा ने बच्चों को सरल भाषा में ‘गुड टच और बैड टच’ के बीच का अंतर समझाया। उन्होंने बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act, 2012) के कानूनी प्रावधानों व उपलब्ध विधिक उपचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कानूनी मदद के लिए टोल-फ्री नंबर और ई-बॉक्स की उपयोगिता

मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिग्विजय सिंह ने बच्चों को शासन द्वारा दी जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संकट के समय मदद के लिए नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के POCSO e-Box के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया, ताकि बच्चे किसी भी आपात स्थिति में सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

दिल्ली के निर्भया कांड का उल्लेख कर समझाया कानून का महत्व

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मन में उठ रहे विभिन्न सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बी.डी. दीक्षित द्वारा किया गया। बच्चों के एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने देश को झकझोर देने वाले दिल्ली के निर्भया कांड का जिक्र किया और बताया कि आखिर देश में सख्त ‘पोक्सो एक्ट’ की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने बच्चों को निडर रहकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अभियान को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य श्री निलेश लाड़, अमर कुमार वर्मन, अविनाश चौधरी, प्रमोद डेहरिया एवं आयुष मिश्रा  उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

रेल मंडल के शिविर में 135 पेंशनर्स के बने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट

Newsdesk

बिजली कर्मचारियों के लंबित एक्स्ट्रा वेजेस और रात्रि भत्ते का भुगतान जल्द करने की मांग

Newsdesk

अमरकंटक से लौट रही कार में लिफ्ट लेकर आ रहे दो युवक 5 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Comment