घायलों को तत्काल पहुंचाया जिला अस्पताल, डॉक्टरों को फोन कर दिए त्वरित उपचार के निर्देश
जबलपुर। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा बुधवार को सड़क हादसे में घायलों के मददगार बनकर सामने आए। बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद ऑटो में सवार यात्री उसमें फंस गए, जबकि कुछ लोग वाहन के नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर की नजर दुर्घटनाग्रस्त ऑटो पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने बिना समय गंवाए वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने लोगों की मदद से पलटी हुई ऑटो रिक्शा को सीधा कराया और उसमें फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी की। इसी दौरान पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
कलेक्टर ने मौके से ही जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार में किसी तरह की देरी न हो।
बताया गया है कि ऑटो रिक्शा में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल थे। हादसे में एक बच्चे और एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
कलेक्टर की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्घटना के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू हो सका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।


