दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व प्रेमिका अंकिता लोखंडे के पुराने दोस्त और निर्माता संदीप सिंह ने अंकिता के लिए एक इमोशनल नोट लिखा है।
संदीप ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि आज भी वे मानते हैं कि अंकिता और सुशांत एक-दूसरे के लिए बने थे और केवल वह सुशांत को बचा सकती थीं
।अंकिता और सुशांत के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्होने लिखा।
अंकिता, हर गुजरते दिन के साथ मेरे जेहन में एक विचार बार-बार आता है कि काश हम थोड़ी और कोशिश करते, हम उसे रोक सकते थे। हम उससे भीख मांगते।
यहां तक कि तुम दोनों अलग हो चुके थे, फिर भी तुम उसकी खुशी और सफलता की दुआ मांगती थीं। तुम्हारा प्यार सच्चा था। यह खास था। तुमने अपने घर की नेमप्लेट से अभी तक उसका नाम नहीं हटाया है। मैं उन दिनों को याद करता हूं, जब हम तीनों लोखंडवाला में परिवार की तरह साथ रहते थे।
हमने कई लम्हे साझा जिए , जो आज मेरी आंखों में आंसू ले आए। साथ खाना बनाना, साथ खाना, एसी का पानी गिराना, हमारा स्पेशल मटन भात। उत्तान, लोनावला या गोवा के लिए हमारी लॉन्ग ड्राइव। हमारी क्रेजी होली। वह हंसी, जो हमने साझा की। जिंदगी के वे सेंसिटिव लो फेज, जब हम एक-दूसरे के साथ खड़े थे। तुम सबसे बढ़कर थीं। तुम जो भी करती थीं, उससे सुशांत के चेहरे पर मुस्कराहट आ जाती थी।
यहां तक कि आज भी मुझे यकीन है कि तुम दोनों एक-दूसरे के लिए बने थे। तुम दोनों सच्चा प्यार करते थे। ये विचार, ये यादें मेरा दिल दुखा रहे हैं। मैं उन्हें वापस कैसे पाऊं? उन्हें वापस चाहता हूं। हम तीनों को फिर से साथ देखना चाहता हूं। मालपुआ याद है? और कैसे वह छोटे बच्चे की तरह मेरी मां से मटन करी मांगा करता था?
मैं जानता हूं कि सिर्फ तुम उसे बचा सकती थीं। काश कि तुम दोनों की शादी हो जाती, जैसा कि हमने सपना देखा था। अगर वह तुम्हें वहां रहने देता तो तुम उसे बचा सकती थीं। तुम हमेशा उसकी गर्लफ्रेंड, पत्नी, मां और बेस्ट फ्रेंड थीं। आई लव यू अंकिता। उम्मीद करता हूं कि मैं तुम्हारे जैसी दोस्त को कभी नहीं खोऊंगा। मैं ऐसा कुछ सह नहीं पाऊंगा।
सुशांत 14 जून को अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे । एक दिन बाद, अंकिता दिवंगत अभिनेता के परिवार से मिली जो उनका अंतिम संस्कार करने के लिए मुंबई आए हुए थे।


