शिमला ,04 अगस्त (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 5 से 7 अगस्त तक के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 8 और 9 अगस्त को भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। उधर, बीती रात को प्रदेश की राजधानी शिमला समेत अन्य भागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। आज भी मौसम खराब बना हुआ है। विभाग ने अलर्ट को देखते हुए पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है। ऐसे में संबंधित विभागों की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने के लिए कहा गया है।
कुल्लू में नदी-नाले उफान पर
सेब सीजन के बीच दो दिन मौसम साफ रहने के बाद बुधवार रात से मौसम ने फिर करवट ली है। कुल्लू से लेकर लाहौल तक हुई बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और इसका असर सेब सीजन पर भी पड़ रहा है। बारिश से हुए भूस्खलन से जिले में एक दर्जन से अधिक सड़कें अवरूद्ध हो गई हैं। जिससे सेब को मंडियों में पहुंचाना बागवानों के लिए परेशानी बन गई है। बारिश से हुए भूस्खलन से औट-बंजार-सेंज हाईवे भी एक सप्ताह से भी अधिक समय से बड़े वाहनों के लिए बंद है।
कहां कितनी बारिश (मिमी में)
धौलाकुआं 162 मिमी
कसौली 96 मिमी
नाहन 94.6 मिमी
कांगड़ा 64.6 मिमी
शिमला 60.5 मिमी
पांवटा साहिब 53.8 मिमी
जुब्बड़हट्टी 43.3 मिमी
सोलन 39.6 मिमी
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 17.0, सुंदरगनर 21.5, भुंतर 22.4, कल्पा 15.5, धर्मशाला 20.2, ऊना 24.8, नाहन 21.5, केलांग 14.0, पालमपुर 19.5, सोलन 20.3, मनाली 19.4, कांगड़ा 22.4, मंडी 22.1, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 22.4, चंबा 22.3, डलहौजी 17.0, जुब्बड़हट्टी 19.4, नारकंडा 14.4, रिकांगपिओ 19.6, पांवटा साहिब 25.0 और कसौली में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


