जबलपुर : भेड़ाघाट थाना अंतर्गत सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसा उस समय घटित हुआ जब एक खड़ी बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। पूरे मामले की जानकारी देते हुए भेड़ाघाट पुलिस ने बताया कि कल बुनियादी ट्रेवल्स बस से शादी समारोह में शामिल होने नरसिंहपुर लोग गए हुए थे और लौटते वक्त सेवर के पास टॉयलेट करने के लिए बस चालक द्वारा बस को किनारे रोक दिया गया। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे हनुमानताल निवासी जाहिद और मोहम्मद नसीम की मौके पर ही मौत हो गई, घटना की जानकारी लगते ही भेड़ाघाट पुलिस वहां पर पहुंची और घायलों को मेडिकल अस्पताल इलाज के लिए भिजवाते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है, हादसे के बाद क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।


