September 14, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीयहेडलाइंस

वाराणसी में ज्ञानवापी सर्वेक्षण आज से शुरू

वाराणसी, 24 जुलाई । भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा ज्ञानवापी मस्जिद के बैरिकेड क्षेत्र का सर्वेक्षण सोमवार यानी आज से शुरू होगा, जबकि मस्जिद प्रबंधन समिति ने वाराणसी जिला न्यायाधीश की अदालत द्वारा इस कार्य की अनुमति देने के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही वाराणसी अदालत ने ज्ञानवापी मस्जिद के सील किए गए हिस्से को छोड़कर, ज्ञानवापी मस्जिद के बैरिकेड वाले क्षेत्र का एएसआई द्वारा व्यापक सर्वेक्षण करने का आदेश दिया था, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मस्जिद पहले से मौजूद हिंदू मंदिर के ऊपर बनाई गई थी या नहीं।

वाराणसी के जिला मजिस्ट्रेट एस राजलिंगम ने भी पुष्टि की है कि एएसआई सर्वेक्षण सोमवार से शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े वादी-प्रतिवादी समेत सभी पक्षों को इसकी जानकारी दे दी गयी है।

वाराणसी के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस आयुक्त अशोक मुथा जैन ने हिंदू पक्ष की तरफ से सुभाष नंदन चतुर्वेदी, सुधीर त्रिपाठी और प्रतिवादी अंजुमन इंतजामिया मस्जिद समिति के संयुक्त सचिव एस.एम. यासीन और उनके वकील के साथ एक बैठक की।

अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी ज्ञानवापी मस्जिद का प्रबंधन देखती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

वाराणसी की अदालत ने अपने आदेश में एएसआई से 4 अगस्त तक रिपोर्ट मांगी है, जब मामले पर अगली सुनवाई होगी।

उधर, विश्व वैदिक सनातन संघ के अंतरराष्ट्रीय प्रमुख जितेंद्र सिंह विसेन ने बताया कि वादी राखी सिंह की ओर से अधिवक्ता अनुपम द्विवेदी एएसआई सर्वे में मौजूद रहेंगे।

काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इससे पहले, चार हिंदू महिलाओं के आवेदन को स्वीकार करते हुए, जिला न्यायाधीश अजय कृष्ण विश्वेश ने शुक्रवार को एएसआई को काशी विश्वनाथ मंदिर के बगल में, उस भूखंड का डेटिंग, उत्खनन और ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) तकनीकों का उपयोग करके सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया, जहां मस्जिद है।

अन्य ख़बरें

कोलकाता: धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर भवानीपुर थाने के बाहर भिड़े कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता

Newsdesk

तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों को हथियार बनाने से बचना होगा, समावेशी विकास पर पड़ सकता है असर: पीएम मोदी

Newsdesk

2029 से पहले एनडीए शासित 21 राज्यों में लागू होगा यूसीसी: अमित शाह

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading