October 31, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकहेडलाइंस

सोरेन ने ईडी को मेल पर सूचित किया, 31 जनवरी को एक बजे सीएम आवास आकर कर लीजिए ‘पूछताछ’

रांची, 29 जनवरी । ईडी जहां नई दिल्ली में हेमंत सोरेन के आवास पर दबिश दे रही है, वहीं, दूसरी तरफ सोरेन ने ईडी को मेल भेजकर सूचित किया है कि वे 31 जनवरी को दिन के एक बजे सीएम आवास में पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे।

बताया जा रहा है कि सोरेन की ओर से इस संबंध में ईडी के रांची स्थित जोनल कार्यालय में चिट्ठी भी भेजी गई है। ईडी ने सोरेन को दसवीं बार भेजे गए समन में उनसे पूछा था कि वे 29 से 31 जनवरी के बीच किस समय और किस स्थान पर पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे।

ईडी ने यह भी कहा था कि अगर वे नहीं आएंगे तो हम आपके पास आएंगे। सोरेन ने इस पर सोमवार को जवाब भेजा है।

इससे पहले सोमवार को ईडी की टीम दिल्ली में शांति निकेतन स्थित झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर पहुंची। यह साफ नहीं हो पाया है कि वहां ईडी की टीम की सीएम से मुलाकात हुई या नहीं। सोरेन 27 जनवरी की शाम आठ बजे चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली गए थे, तब से वे वहीं हैं।

नई दिल्ली में सीएम के आवास पर ईडी की दबिश की खबर जैसे ही सामने आई, रांची में सियासी हलचल बढ़ गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के ज्यादातर विधायक सीएम हाउस पहुंचे। यहां दोपहर तीन बजे से उनकी बैठक जारी है। बैठक में इस बात पर विमर्श चल रहा है कि अगर ईडी की ओर से सोरेन के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है तो सत्तारूढ़ गठबंधन की रणनीति क्या होगी।

रांची में सीएम आवास के बाहर और अंदर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। राज्य के ब्यूरोक्रेसी के गलियारे में भी हलचल है।

रांची में भाजपा दफ्तर, राजभवन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर फोर्स की तैनाती की गई है। रांची के बड़गाईं अंचल में जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने 20 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास पर जाकर उनसे सात घंटे तक पूछताछ की थी। ईडी इस मामले में उनसे कई और बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है।

अन्य ख़बरें

लोक सेवा गारण्टी में समय सीमा में सेवाएं नहीं देने वाले पंचायत सचिवो ंपर 500 रूपए प्रतिकेश पैनाल्टी लगाने के निर्देश- कलेक्टर

Newsdesk

उपभोक्ता संरक्षण समिति बालाघाट द्वारा जागरूकता अभियान के तहत उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक

Newsdesk

नवीन माध्यमिक शाला भवन कण्डरा का विधायक ने किया लोकार्पण

Newsdesk

Leave a Comment