October 31, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

बहू से छेड़खानी का विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या, मेडिकल कालेज में हुई मौत



जबलपुर। जिले के पनागर थाना अंतर्गत सिंगलदीप गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बहू के साथ हुई कथित छेड़खानी का विरोध करना एक बुजुर्ग को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। आरोपियों ने शिकायत करने पहुंचे बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब हत्या में बदल गया है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 22 अक्टूबर की है। सिंगलदीप गांव के रहने वाले राजेश चक्रवर्ती पर आरोप है कि उसने प्यारे लाल चक्रवर्ती की बहू के साथ उस समय छेड़खानी की, जब वह शौचालय जा रही थी। पीड़ित बहू ने इसकी आपबीती अपने ससुर प्यारे लाल और परिवार के अन्य सदस्यों को बताई। परिवार की इज्जत और इस घिनौनी हरकत के विरोध में बुजुर्ग प्यारे लाल चक्रवर्ती आरोपी राजेश के घर शिकायत करने पहुंचे थे।

शिकायत पर भड़के आरोपी, किया लाठी-डंडों से हमला

बताया जा रहा है कि जब प्यारे लाल अपनी बहू के साथ हुई बदसलूकी की शिकायत लेकर पहुंचे, तो आरोपी राजेश, काली और भाग्य चक्रवर्ती भड़क गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने मिलकर बुजुर्ग प्यारे लाल पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बेरहमी से हुई पिटाई में प्यारे लाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें तत्काल उपचार के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। यहाँ वे कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं।

गाँव में सनसनी, पुलिस कार्रवाई जारी

एक मामूली बात और छेड़खानी के विरोध से शुरू हुआ यह विवाद आखिरकार एक बुजुर्ग की नृशंस हत्या तक जा पहुँचा। इस सनसनीखेज वारदात से सिंगलदीप गाँव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पूरे घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन की जा रही है।

अन्य ख़बरें

*जिला स्तरीय वालीवॉल टूर्नामेंट का हुआ आगाज, दो दर्जन से अधिक टीमें होगी शामिल

Newsdesk

आज आ रहे अपेक्स बैंक भोपाल प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव

Newsdesk

लॉर्डगंज गोलीकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और लूटी स्कूटी बरामद

Newsdesk

Leave a Comment