25.5 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मेरी अपनी कोई विरासत नहीं, मेरे लिए तो आप ही विरासत हैं, आप ही मेरे वारिस हैं : पीएम मोदी

 महाराजगंज, 21 मई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराजगंज में मंगलवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए इंडी गठबंधन पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने इंडी गठबंधन के नेताओं की बैठकों को घोटालेबाजों का सम्मेलन बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का पता मतलब इंडी गठबंधन। पीएम मोदी ने कहा कि जब ये इकट्ठा होते हैं तो इनमें तीन बुराइयां एकदम साफ नजर आती हैं। ये तीन बुराइयां हैं – ये घोर कम्युनल, घोर जातिवादी और घोर परिवारवादी हैं। महाराजगंज में भाजपा प्रत्याशी जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने परिवारवाद को लेकर भी विरोधियों को घेरा। उन्होंने कहा, “गरीब से गरीब मां-बाप भी चाहते हैं कि जाने के बाद बच्चों को कुछ देकर जाएं। मोदी एक ऐसा इंसान है, जिसकी अपनी कोई विरासत नहीं है। मेरे लिए तो आप ही मेरी विरासत हैं, आप ही मेरे वारिस हैं। मेरा कोई और वारिस नहीं है, इसलिए मुझे आपका और आपके बच्चों का उज्जवल भविष्य बनाने के लिए अपने आप को खपा देना है।” लोगों की भारी भीड़ देखकर उत्साहित प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपके उत्साह को देखकर यह भरोसा देता हूं कि आपके लिए दिन-रात मेहनत करूंगा। पहले से भी ज्यादा मेहनत करूंगा। मुझे आपके लिए, आपके भविष्य के लिए, आपके बच्चों के भविष्य के लिए, विकसित बिहार बनाना है, विकसित भारत बनाना है। आपके उज्जवल भविष्य के लिए केंद्र में फिर एक बार मजबूत सरकार चाहिए। जैसे-जैसे 4 जून पास आ रहा है, मोदी के लिए इंडी वालों की गालियां, बद्दुआएं बढ़ती जा रही हैं। इनसे बर्दाश्त नहीं हो रहा कि मोदी को देश की जनता अगले पांच साल के लिए फिर से चुनने जा रही है। उन्होंने राजद का नाम लिए बिना कहा कि जिन्होंने बिहार को गुंडाराज दिया, गरीबी दी, बिहार के लोगों को मारा-तड़पाया, जिन्हें अदालत ने घोटाले का दोषी साबित किया है, इन लोगों की आंखों में मोदी चौबीसों घंटे खटकता है। लेकिन, इनकी लाख कोशिशों के बाद भी मैं आपकी सेवा में डटा रहूंगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके लिए बेटे-बेटी के सिवा कुछ करना ही नहीं है। ये वो लोग हैं, जिनकी सरकारों में देश सांप्रदायिकता की आग में जला, ये वो लोग हैं, जिन्होंने सालों तक जातिवाद में देश को बांटकर पिछड़ों को लूटा है। ये लोग खजाना लूट सकते हैं, लेकिन, देश को आगे नहीं ले जा सकते। उन्होंने पंजाब के एक नेता की चर्चा करते हुए कहा कि ये पंजाब में कांग्रेस के एक नेता हैं, दिल्ली में कांग्रेस परिवार के खासमखास हैं और ये कहते हैं कि बिहार के लोगों को पंजाब में बहिष्कार करना चाहिए। पहले तो इन लोगों ने यहां से उद्योग, व्यापार का पलायन कराया और अब ये लोग बिहार के परिश्रमी साथियों का अपमान करने में जुटे हैं।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

Newsdesk

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

Leave a Comment