23.5 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

ग्वालियर पहुंचे सिंधिया, दो विभागों की जिम्मेदारी मिलने पर पीएम मोदी का जताया आभार

 ग्वालियर, 15 जून। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर में नवनिर्मित स्टेडियम के उद्घाटन और मध्य प्रदेश लीग को लेकर उन्होंने कहा कि आज मेरे पूज्य पिताजी माधवराव सिंधिया का इंटरनेशनल स्टेडियम का सपना पूरा होने जा रहा है। दरअसल, 210 करोड़ की लागत से निर्मित स्टेडियम का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव करने वाले हैं। इस दौरान बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह और कपिल देव की मौजूदगी रहेगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आईपीएल की तरह ही मध्य प्रदेश लीग की शुरुआत की जा रही है, जिसके आधार पर प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों को राष्ट्र पटल पर ही नहीं, बल्कि विश्व पटल पर अपना नाम बनाने का अवसर मिलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल में दूरसंचार विभाग और उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास मंत्रालय मिलने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैं पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे दो विभागों की जिम्मेदारी दी। जिस तरीके से मैने इस्पात और नागर विमानन के क्षेत्र में कार्य किया है उसी तरह से मैं इन दोनों विभागों में भी काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी यही कोशिश रहेगी कि प्रधानमंत्री मोदी की आशा और अभिलाषाओं पर मैं खरा उतर पाऊं। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को करीब साढ़े पांच लाख वोटों से हराया है। पिछली सरकार में वह केंद्रीय नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। हालांकि, इस बार उन्हें संचार और उत्तर पूर्वी राज्यों के विकास मामले की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें, ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

Newsdesk

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

Leave a Comment