24.5 C
Jabalpur
October 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

Madhya Pradesh News – शिवराज सिंह चौहान का विधायक पद से इस्तीफा, वीडियो संदेश में कहा, ‘यह अत्यंत भावुक पल है…’

 भोपाल, 17 जून । मध्य प्रदेश की विदिशा संसदीय सीट से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट से विधायक भी थे। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी। लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद नियमों के मुताबिक उन्हें 14 दिन के अंदर विधायक पद से इस्तीफा देना जरूरी था। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को अपना इस्तीफा भेज दिया। विधायक पद से इस्तीफा देने बाद शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो संदेश जारी किया। इस वीडियो संदेश में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “आज मैं बहुत भावुक हूं। मैंने मध्य प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। मैं बुधनी से विधायक था और बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता मेरे रोम-रोम में रमती है, मेरी हर सांस में बसती है।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने बुधनी से ही अपने सार्वजनिक जीवन का प्रारंभ किया था। बचपन से ही आंदोलन किया और फिर जनता का प्यार लगातार मिलता चला गया। इसी बुधनी विधानसभा क्षेत्र से मैं कई बार विधायक रहा। लोकसभा के चुनाव में भी छह बार इस जनता ने भारी बहुमत से मुझे जिताया। पिछला विधानसभा चुनाव मैंने रिकॉर्ड 1 लाख 5 हजार वोटों से जीता था। वहीं, लोकसभा में इसी जनता ने मुझे 1 लाख 46 हजार वोटों से जिताया।” उन्होंने कहा, “बुधनी की जनता की सेवा मैंने पूरे मन से की है, क्योंकि जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। जनता ने भी मुझे भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है। जनता के इस प्यार पर मेरा पूरा जीवन न्योछावर है। मैं अपनी संपूर्ण क्षमता के साथ जनता की सेवा में आजीवन लगा रहूंगा। अपने प्राणों से प्रिय जनता को मेरा प्रणाम।

अन्य ख़बरें

GST अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से 2.74 करोड़ अधिक खर्च

Newsdesk

रेल कर्मचारियों को राहत: 10% इंटेक कोटे से भरेंगे पद, तबादलों पर भी सहमति

Newsdesk

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, पैर में मारी गोली

Newsdesk

Leave a Comment