19.8 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कमिश्नर ने सुनी लोगों की समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश


जनसुनवाई में निर्वाचन कार्य के लंबित भुगतान, रुके वेतन और ऋण में कथित रूप से गलत तरीके से गारंटर बनाए जाने के मामले आए सामने
===
शहडोल 27 अक्टूबर 2026-  कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने आज कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में संभाग के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रेषित कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में उमरिया निवासी अब्दुल सलाम ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव एवं वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचन संबंधी कार्य किए थे, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने निर्वाचन कार्य का लंबित भुगतान कराने का अनुरोध किया। इस पर कमिश्नर ने कलेक्टर उमरिया को आवेदन प्रेषित कर भुगतान कराने के निर्देश दिए।

शहडोल निवासी श्याम सरोज सिंह ने आवेदन देकर बताया कि वे पशुपालन एवं डेयरी विभाग, शहडोल में सहायक पशु क्षेत्र चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मई 2024 से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब है। बाएं पैर के पंजे में बड़ा घाव है, जो ठीक नहीं हो रहा है। उन्हें मधुमेह की बीमारी भी है। चिकित्सकों ने बाहर जाकर उपचार कराने की सलाह दी है। चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई और आर्थिक तंगी के कारण उन्हें उपचार कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि उपचार एवं परिवार के भरण-पोषण में काफी धन खर्च हो चुका है।

श्याम सरोज सिंह ने बताया कि रुके हुए वेतन के भुगतान के लिए उप संचालक, पशुपालन विभाग से कई बार अनुरोध किया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने चार माह के लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की। इस पर कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को आवेदन प्रेषित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भुगतान कराने के निर्देश दिए।

अनूपपुर जिले के बरगवां निवासी कृष्ण कुमार वर्मा ने आवेदन देकर बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2023 को श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, शाखा शहडोल से डेढ़ लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया था। उनके अनुसार, ऋण प्रक्रिया के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने उनसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, बिना राशि भरी चेकबुक, फोटो सहित अन्य दस्तावेज तथा मोबाइल पर प्राप्त बैंक ओटीपी लिए थे। उन्होंने बताया कि उनके दस्तावेजों का कथित रूप से दुरुपयोग कर उनकी जानकारी के बिना उन्हें शंभूदास नामक व्यक्ति के ढाई लाख रुपये के ऋण में गारंटर बना दिया गया। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस पर कमिश्नर ने पुलिस अधीक्षक, अनूपपुर को आवेदन प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों की भी सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह, उपायुक्त विकास श्रीमती प्रेरणा सिंह, उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जे.पी. यादव, संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्रीमती सुरेखा आनंद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

शासन द्वारा सीपीसीटी छूट का आदेश जारी न होने से अनुकंपा आश्रित कर्मचारी नियमित नियुक्ति से वंचित

Newsdesk

Leave a Comment