27.5 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नाना पटोले ने पार्टी कार्यकर्ता से धुलवाए पैर, भाजपा ने वीडियो शेयर कर कसा तंज

नई दिल्ली, 18 जून । महाराष्ट्र में कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नाना पटोले का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस नेता पार्टी के कार्यकर्ता से अपने पैर पानी से साफ करवाते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के अकोला जिले के वाडेगांव में नाना पटोले के पैर कीचड़ में धंस गया था। इसके बाद कार्यकर्ता ने पानी से उनका पांव धोया। वीडियो में देखा जा सकता है कि नाना पटोले अपनी गाड़ी में बैठे हुए हैं और कार्यकर्ता उनका पैर धोते हुए दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद नाना पटोले भाजपा और सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। महाराष्ट्र भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस नेता नाना पटोले का वीडियो शेयर किया है। भाजपा ने एक्स पर लिखा, ”कांग्रेस ने लोगों को हमेशा पैरों की धूल समझा है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के पैर कीचड़ में सन गए तो उन्होंने एक कार्यकर्ता से पैर धोने को कहा। अगर सत्ता उनके हाथ में चली गई तो गरीबों का यही हाल होगा… यह वीडियो प्रमाण है।” बता दें कि इससे पहले नाना पटोले ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वह (सीएम योगी) अपने आप को संत बताते हैं और भगवा कपड़े पहनते हैं। सीता जी को जब रावण चुराने आया था तब वह भी भगवा कपड़ा पहन कर आया था। भगवा पहनकर गलत नीतियों का समर्थन करना गलत है। इसके अलावा नाना पटोले ने राम मंदिर को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। नाना पटोले ने लोकसभा चुनाव के बीच कहा था कि केंद्र में हमारी सरकार आएगी, तो राम मंदिर का शुद्धीकरण किया जाएगा। चारों शंकराचार्यों को बुलाकर राम मंदिर में विधिवत पूजा भी कराई जाएगी।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

Newsdesk

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

Leave a Comment