25.5 C
Jabalpur
October 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मायावती ने साम्प्रदायिक ताकतों के सामने सरेंडर कर दिया : सुरेंद्र राजपूत

लखनऊ, 22 जून । कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने बहुजन समाज पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने साम्प्रदायिक ताकतों के सामने सरेंडर कर दिया है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने का दावा करने वाली मायावती आज के समय में उस लड़ाई को लड़ती हुईं नजर नहीं आ रही हैं। कांग्रेस नेता ने मायावती को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और दलितों के हक की लड़ाई नहीं लड़ेंगी तो इतिहास उनसे गंभीर सवाल पूछेगा। वहीं मायावती के भतीजे आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी सुरेंद्र राजपूत ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, बसपा आकाश आनंद को अपनी पार्टी का स्टार प्रचारक बनाती है या कोई और जिम्मेदारी सौंपती है, यह उनका अपना व्यक्तिगत विषय है। कांग्रेस पार्टी को इससे कोई लेना-देना नहीं है। दरअसल, आगामी उत्तराखंड उपचुनाव के लिए बसपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। जिसमें आकाश आनंद का नाम भी शामिल है। मंगलौर सीट पर हो रहे उपचुनाव में आकाश पार्टी नेताओं के साथ प्रचार करते हुए नजर आएंगे। गौरतलब है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। यूपी की 80 लोकसभा सीट पर बसपा के खाते में एक भी सीट नहीं आई। 9.29 (82.33 लाख) मत प्रतिशत के साथ बसपा प्रदेश में चौथे स्थान पर रही। वहीं 2019 लोकसभा में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ी बसपा को 10 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबकि इस बार के लोकसभा में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा और बड़ी सफलता हासिल की। 37 सीटों पर जीत दर्ज कर सपा सबसे बड़ी पार्टी बनी। वहीं कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि पिछले चुनाव में 62 सीटों पर कमल खिलाने वाली भाजपा को इस बार 33 सीटों के साथ संतोष करना पड़ा।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश में 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले

Newsdesk

सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ 1 नवंबर को, जुटेंगे 1000 धावक

Newsdesk

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, समस्याओं के निराकरण के निर्देश

Newsdesk

Leave a Comment