April 17, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

जमशेदपुर में लापता प्रशिक्षण विमान के ट्रेनी पायलट का शव डैम से बरामद

जमशेदपुर, 22 अगस्त। जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से 20 अगस्त को उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद लापता हुए विमान के ट्रेनी पायलट शुभ्रोजीत दत्ता का शव गुरुवार 10 बजे चांडिल डैम से निकाला गया। मेन पायलट जीत शत्रु आनंद की तलाश में भारतीय नौसेना और एनडीआरएफ की टीम ऑपरेशन में जुटी हुई है। ट्रेनी पायलट का शव बरामद होने के साथ ही यह बात साफ हो गई है कि विमान डैम में गिरकर क्रैश हुआ था। यह विमान अलकेमिस्ट एविएशन कंपनी का है, जो जमशेदपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट चलाती है। विमान को पटना निवासी कैप्टन जीत शत्रु आनंद चला रहे थे, जबकि उनके साथ जमशेदपुर निवासी ट्रेनी पायलट शुभ्रोदीप दत्ता सवार थे। विमान ने दिन के करीब 11 बजे उड़ान भरी थी और करीब 20 मिनट बाद एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से उसका संपर्क पूरी तरह भंग हो गया था। हादसे की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। मंगलवार दोपहर से ही विमान के लास्ट लोकेशन के आधार पर जमशेदपुर की दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी और आस-पास के इलाकों में तलाशी शुरू की गई। हेलीकॉप्टर से पूरा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस-प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने भी झारखंड से लेकर पश्चिम बंगाल की सीमा तक खाक छानी। पश्चिम बंगाल सरकार को भी इसकी सूचना दी गई। इस बीच चांडिल डैम में प्यालीडीह नामक स्थान पर स्नान कर रहे दो ग्रामीण तपन मांझी और रूसा मांझी ने तलाशी में जुटी पुलिस को बताया कि उन्होंने एक विमान को डैम में गिरते देखा था। इनकी सूचनाओं के आधार पर बुधवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम सर्च अभियान में जुटी है। विमान के पायलट जीत शत्रु आनंद के पिता एवं भाई और जमशेदपुर निवासी ट्रेनी शुभ्रोजीत दत्ता के पिता प्रदीप दत्ता एवं घर के अन्य लोग डैम के पास मौजूद हैं। क्रैश हुआ टू-सीटर विमान अमेरिका में निर्मित है और इसका नाम ‘सेशना 152’ है। यह सिंगल इंजन का विमान है। अलकेमिस्ट एविएशन प्रा. लिमिटेड की ओर से जमशेदपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का संचालन वर्ष 2008 से ही किया जा रहा है। इसके संचालक मृणाल पॉल हैं। मार्च 2022 में भी इस इंस्टीट्यूट का एक प्रशिक्षण विमान सोनारी हवाई अड्डे दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में दो पायलट जख्मी हो गए थे।

अन्य ख़बरें

निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत, संदिग्ध हालात में जांच शुरू

Newsdesk

शराब के लिए पैसे न देने पर युवक पर चाकू से हमला, गोहलपुर में वारदात से दहशत

Newsdesk

छोटी लाइन फाटक पर युवतियों का हाईवोल्टेज हंगामा, युवक की बीच सड़क पिटाई, वीडियो वायरल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading