Karnataka News Today -कर्नाटक के मंगलुरु में बीड़ी का टुकड़ा निगलने के कारण एक 10 महीने के बच्चे की मौत हो गई. बच्चे के पिता ने बीड़ी पीने के बाद बचे हुए टुकड़े को फेंक दिया था. बीमार बच्चे को इलाज के लिए वेंसाक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, रविवार सुबह बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई.
खबर के मुताबिक, घर में खेलते समय बीड़ी का टुकड़ा निगलने के बाद अचानक से बच्चा बीमार पड़ गया. जिसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. अड्यार में रहने वाले बिहार के एक दंपती के 10 महीने के बच्चे अनीश कुमार की मौत से इलाके में दुख का माहौल है. घटना शनिवार दोपहर 1.30 बजे हुई.
बच्चे की मां लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया है कि उसके पति की लापरवाही के कारण बीड़ी का टुकड़ा निगलने से उसके बच्चे की मौत हो गई. उसने कहा कि उसने अपने पति से कई बार कहा था कि वह घर के अंदर बीड़ी न फेंके. हालांकि, उसने अपनी शिकायत में दुख जताया कि उसके पति की लापरवाही के कारण बच्चे की जान चली गई.


