23.4 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मध्यप्रदेश : चलती ट्रेन में 14 साल की लड़की बेहोश हालत में मिली, शरीर पर कई घाव

इंदौर, 1 जुलाई  — मध्यप्रदेश में इंदौर से जबलपुर जा रही एक चलती ट्रेन में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की बेहोश हालत में पाई गई, जिसके गले, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव थे। यह सनसनीखेज मामला सोमवार रात सामने आया।

ट्रेन के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे एक यात्री ने लड़की को बेसुध पड़े देखा और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लड़की को शुजालपुर रेलवे स्टेशन (जिला शाजापुर) पर उतारा गया और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शुजालपुर जिला अस्पताल के डॉक्टर सरदार रामसरैया के अनुसार, “लड़की बेहद डरी हुई थी और जब भी होश में आती थी, तो ‘बचाओ मुझे’ चिल्लाने लगती थी। उसके शरीर पर धारदार हथियार जैसे ब्लेड या चाकू से हमला किया गया है। हालांकि मेडिकल जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न नहीं हुआ है। फिलहाल वह ICU में है और उसकी हालत अब स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से अभी भी डरी हुई है।”

लड़की की पहचान पूनम पाल के रूप में हुई है, जो जबलपुर की रहने वाली है और 23 जून से लापता थी। शुजालपुर पुलिस के अनुसार, “हम उसके पूरी तरह होश में आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके। उसके माता-पिता को सूचना दे दी गई है और वे जल्द ही शुजालपुर पहुंचेंगे। मामले की आगे जांच की जाएगी।”

यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब हाल ही में नरसिंहपुर जिले के एक सरकारी अस्पताल में 27 जून को एक युवक ने नर्सिंग की छात्रा संध्या चौधरी (19) की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी थी। सोमवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें देखा गया कि आरोपी युवक ने पहले लड़की को बेरहमी से पीटा और फिर जमीन पर गिरने के बाद धारदार हथियार से कई बार उसका गला काटा।

संध्या अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी और उसके पिता सब्ज़ी विक्रेता हैं। आरोपी की पहचान अभिषेक कोस्टी के रूप में हुई है, जो मजदूर है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसे संदेह था कि संध्या किसी और युवक से बात कर रही थी, इसी शक में उसने हत्या कर दी।

अन्य ख़बरें

पोलियो को मात देकर हुनर को बनाया सहारा

Newsdesk

कलानिकेतन पॉलिटेक्निक की अनियमितताओं के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन

Newsdesk

कान्हा की छठी पर अन्नपूर्णा मंदिर में भक्ति की बही धारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading