महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय शिरसाट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। संपत्ति में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर आयकर विभाग (Income Tax) के नोटिस का सामना कर रहे शिरसाट का अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने महाराष्ट्र की सियासत में भूचाल ला दिया है।
इस वायरल वीडियो में मंत्री संजय शिरसाट शॉर्ट्स और बनियान पहने हुए बिस्तर पर बैठे सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। वह किसी से फोन पर बात कर रहे हैं और उनके बगल में एक ट्रॉली बैग खुला पड़ा है, जिसमें नोटों की गड्डियां भरी हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उनका पालतू कुत्ता भी नजर आ रहा है।
शिवसेना (UBT) के नेता और सांसद संजय राउत ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए सीधे उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, “मुझे देवेंद्र फडणवीस पर दया आ रही है। आखिर उन्हें कितनी बार देखना पड़ेगा कि उनकी इज्जत तार-तार हो रही है। मजबूरी का दूसरा नाम: फडणवीस।”
वीडियो वायरल होने और विपक्ष के हमलावर होने के बाद मंत्री संजय शिरसाट ने इस पर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने वीडियो में दिख रहे बैग में नोटों की गड्डियां होने के दावे को खारिज कर दिया है। शिरसाट ने कहा, “बैग में पैसे नहीं बल्कि कपड़े थे।”
गौरतलब है कि शिरसाट पहले से ही आयकर विभाग के रडार पर हैं। विभाग ने उन्हें 2019 से 2024 के बीच उनकी संपत्ति में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर नोटिस भेजा था। इस पर शिरसाट ने कहा था, “आयकर विभाग सबकी जांच करता है। हमसे 9 जुलाई तक जवाब देने को कहा गया था, लेकिन मैंने जवाब देने के लिए और समय मांगा है। हम किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।”


