Seoni News – जिले के बारापत्थर क्षेत्र में भाजपा से जुड़े नेता पवन उर्फ सोनू पाराशर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दो दिन से लापता रहे सोनू पाराशर का शव शुक्रवार दोपहर शहर सीमा से लगे मानेगांव के पास एक गड्ढे में बोरे में बंद हालत में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शास्त्री वार्ड निवासी 45 वर्षीय सोनू पाराशर को आखिरी बार बुधवार रात मानेगांव क्षेत्र में स्कूटी पर कुछ लोगों के साथ देखा गया था, जिसके बाद से वे लापता थे। गुरुवार को उनकी एक्टिवा स्कूटर मानेगांव के झाड़ियों के पास खड़ी मिली थी, जिससे उनकी तलाश तेज कर दी गई।
शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे, स्थानीय लोगों की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया गया। मानेगांव के पास बरसात के पानी से भरे एक गड्ढे में जब पानी निकाला गया, तो बोरे में बंद उनका शव मिला, जिसे पत्थरों से बांधकर डुबोया गया था। प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना डूंडासिवनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मौके पर डूंडासिवनी पुलिस और कोतवाली पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक और एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा नेता की इस नृशंस हत्या ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। घटना से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।


