Jabalpur news Today — विजयनगर स्थित अहिंसा चौक चौपाटी पर शुक्रवार सुबह अचानक नगर निगम के अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई की भनक लगते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते व्यापारी सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। आक्रोश इतना बढ़ा कि कुछ देर के लिए क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के यह कार्रवाई की। उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में यह कदम उनके रोजगार पर सीधा प्रहार है। चौपाटी पर कई सालों से दुकानें चलाने वाले दुकानदारों ने कहा कि निगम ने उन्हें कहीं और दुकान लगाने की वैकल्पिक जगह भी नहीं दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे नगर निगम का अमला जेसीबी मशीन और पुलिस बल के साथ विजयनगर चौपाटी पहुंचा। जैसे ही यह खबर फैली, व्यापारी मौके पर पहुंचकर निगम अधिकारियों से भिड़ गए। भारी हंगामे के बीच व्यापारियों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को शांत कराया। करीब दो घंटे की बातचीत के बाद निगम ने अस्थायी रूप से कार्यवाही रोकते हुए दुकानदारों को समय दिया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि चौपाटी क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। यह कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। वहीं, व्यापारी संघ का कहना है कि वे कलेक्टर और महापौर से मिलकर पुनर्वास की मांग करेंगे।


