26.5 C
Jabalpur
September 12, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

चुनाव आयोग पर आरोप की जांच के बजाय भाजपा उसके पीछे खड़ी है: कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़

नई दिल्ली, 14 दिसंबर। कांग्रेस की तरफ से रविवार को देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में भाजपा, केंद्र सरकार, पीएम मोदी और चुनाव आयोग पर तीखे हमले बोले गए। इस रैली को लेकर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जनता को अब साजिश समझ में आने लगी है।



कांग्रेस द्वारा दिल्ली में आयोजित रैली को लेकर कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की बात सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। जिस तरह से राहुल गांधी ने पिछले कुछ दिनों में भाजपा की पोल खोली है, वोट चोरी का खुलासा किया है, उससे जनता को भी यह बात समझ आ रही है कि भाजपा ने संविधान को कलंकित किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोटरों का अधिकार छीना है। धन के बल पर वोट चोरी हो रही है, वोटर लिस्ट में फेरबदल किया जा रहा है, इससे आम नागरिकों का अधिकार भाजपा और पीएम मोदी ने छीना है। यह देश का दुर्भाग्य है कि चुनाव आयोग स्वतंत्र नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पीएम मोदी के सामने सरेंडर कर चुका है।

पीएम मोदी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अपमानजनक टिप्पणी पर राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह भाजपा द्वारा फैलाई गई अफवाह है। वे अपने लोगों को भी भेजकर ऐसे नारे लगवाते हैं। रैली में तो ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लग रहे थे।

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 70 साल पहले जिस संविधान के चलते लोकतंत्र की स्थापना हुई थी, उस लोकतंत्र में जनता को सबसे बड़ा अधिकार वोट का दिया गया था। 70 साल तक जो भी पार्टी सत्ता में रही है, उसने लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए किसी न किसी रूप में योगदान दिया है। 70 साल बाद लोकतंत्र के बिकने और वोट चोरी की बात उठी है।

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली पर कहा कि जिस तरह राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने आह्वान किया है, उससे देश में नई गूंज उठी है कि हम संविधान को कमजोर नहीं होने देंगे और लोकतंत्र को मजबूत करेंगे। यह संदेश हर इंसान तक पहुंचना है।

कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज की यह रैली बहुत कामयाब रही। राहुल गांधी के साथ लोगों की आवाज उठाई गई। चुनाव आयोग के मुद्दे को उठाया गया। हम संविधान बदलने नहीं देंगे, यह हमारे बुजुर्गों की कुर्बानी से बना है।

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि संसद से सड़क तक यह आंदोलन चल रहा है। चुनाव के साथ अगर खिलवाड़ हो रहा है तो कांग्रेस इसकी लड़ाई लड़ेगी। भाजपा सत्ता के लिए लड़ती है और हम संविधान की लड़ाई लड़ेंगे। यह यात्रा इसका उदाहरण है। आज सच्चाई सामने आ गई है, हम राष्ट्रपति को लोगों के हस्ताक्षर वाला पत्र भेजने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे यह समझ नहीं आता कि भाजपा के मंत्री, प्रधानमंत्री और सांसद इसके समर्थन में कैसे खड़े हो जाते हैं। जब चुनाव आयोग पर इतने बड़े आरोप लग रहे हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए थी। दुर्भाग्यवश जांच की जगह भाजपा इनके समर्थन में खड़ी है, इसका मतलब यह चोरी एक बड़ी साजिश है।

पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर उन्होंने कहा कि कितने नारे सोनिया गांधी के खिलाफ लगे थे? उन पर कितने आरोप लगे? सबसे बड़ी बात यह है कि लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है, संविधान पर हमला हो रहा है, इस पर उन्हें जवाब देना होगा।

कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वोट चोरी इस वक्त देश का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। लोगों को लगता है कि कहीं उनसे वोट देने का अधिकार ही न छीन लिया जाए। लोगों को जागरूक किया जा रहा है और लोग समर्थन में भी आ रहे हैं।

अन्य ख़बरें

राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव : दूसरे चरण में 147 निकायों में 70.01 प्रतिशत मतदान, कोटा में सबसे कम 57.02 फीसदी वोटिंग

Newsdesk

विमेंस एशिया कप: पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, खिताबी मुकाबले में भारत से भिड़ंत

Newsdesk

धान में कीट प्रकोप बढ़ा, जैविक कीटनाशकों से करें फसल की सुरक्षा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading