जबलपुर। सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में गुरुवार 8 जनवरी 2026 को मालगोदाम चौक पर “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों को संदेश दिया गया कि दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। नाटक के जरिए यह भी बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, जबकि नियमों का पालन कर कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक यातायात घमापुर श्रीमती संगीता डामोर, थाना यातायात घमापुर प्रभारी श्रीमती शशि ध्रुवे, सूबेदार दिनेश शर्मा, सूबेदार रोशनी केशरवानी सहित यातायात पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा। अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इसी क्रम में यातायात थाना मालवीय चौक की टीम द्वारा तीन पत्ती चौक पर होम साइंस कॉलेज की छात्राओं को यातायात नियमों, रोड सेफ्टी एवं ज़ेब्रा लाइन के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही कैशलेस योजना एवं राहवीर योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर छात्राओं से अपील की गई कि वे यह संदेश अपने परिवार, गांव एवं मोहल्लों तक पहुंचाएं।


