सभी 16 संभागों में लगे विशेष शिविर, एक ही छत के नीचे हितग्राहियों को सभी योजनाओं के मिले लाभ
जबलपुर। नागरिकों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा शहर के सभी 16 संभागों में विशेष जनकल्याण शिविरों का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया, जिसका लाभ उठाते हुए आज 18 जून 2026 को 877 हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए शहर के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविरों का दौरा किया और हितग्राहियों को सीधे लाभ सौंपे।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रियता से बढ़ा उत्साह*
इन शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट निराकरण के लिए नगर निगम की पूरी टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी रही। शिविरों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद आशीष दुबे, कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, पनागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील तिवारी इन्दू, उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डाॅ. अभिलाष पाण्डेय, बरगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज सिंह, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और हितग्राहियों का उत्साहवर्धन किया। शिविरों में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदारों को व्यवसाय के लिए आसान ऋण हेतु ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व राष्ट्रीय परिवार सहायता के अंतर्गत पात्र वृद्धजनों, कल्याणी महिलाओं और दिव्यांगों के नए आवेदन स्वीकार करने के साथ ही लंबित प्रकरणों का तुरंत निपटारा। मुख्यमंत्री संबल योजना एवं कर्मकार मंडल के अंतर्गत श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए मौके पर ही पंजीयन की सुविधा। नई पात्रता पर्ची जारी करने और त्रुटि सुधार के आवेदनों का त्वरित निराकरण। समग्र ई-केवाईसी और आवश्यक पहचान दस्तावेजों का मौके पर ही त्वरित अपडेशन का लाभ हितग्राहियों को दिया गया।


