उच्चगुणवत्ता और समय सीमा में पूरे होगें सड़कों के निर्माण कार्य – महापौर श्री ‘‘अन्नू’’*
सभी संबंधित तकनीकी अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर कराएॅंगे सड़कों के निर्माण कार्य – निगमाध्यक्ष*
मालवीय चैक से लार्डगंज थाना सुपर मार्केट तक सड़क के डमलीकरण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण*
जबलपुर। शहर के विकास और बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा 5 करोड़ रुपये की लागत से शहर की 47 प्रमुख सड़कों के डामलीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से शहर के देवतुल्य नागरिकों को बड़ी सौगात के साथ गड्ढों से मुक्ति मिलेगी और यातायात सुगम व सुरक्षित हो सकेगा।
*गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं – महापौर*
सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने मालवीय चैक से लार्डगंज थाना सुपर मार्केट तक चल रहे डामलीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि देवतुल्य नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
*अधिकारियों को फील्ड पर रहने के निर्देश*
निगम अध्यक्ष रिकुंज विज ने भी विकास कार्यों में पारदर्शिता और मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सभी संबंधित तकनीकी अधिकारी मौके पर ही उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों की सीधी निगरानी में काम होने से सड़कों की लाइफलाइन लंबी होगी।
*व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह*
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर निगम की इस त्वरित पहल का स्वागत किया है। मालवीय चैक और सुपर मार्केट जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में सड़क सुधरने से न केवल ग्राहकों को आने-जाने में आसानी होगी। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री अन्नू और निगम की टीम के साथ निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य विवेक राम सोनकर, श्रीमती रजनी कैलास साहू, पूर्व पार्षद अमित जैन, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, सहायक यंत्री वीरेन्द्र पाण्डेय, उपयंत्री निपुण रंगडाले, सहित गंजीपुरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप जैन, ऋषि अग्रवाल, बिट्टू शर्मा, पिंटू पाठक, दीपांशु संजय सोनी, ऋषभ यादव, प्रवीण सोनी और किशोर जैसे प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।


