April 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं में हितग्राहियों को दिया जाएगा लाभ


===
चार चरणों में 31 मार्च तक चलेगा संकल्प से समाधान अभियान
===
अभियान की सम्पूर्ण कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से होगी संचालित
===
शहडोल 12 जनवरी 2026-  प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में संकल्प से समाधान अभियान के आयोजन संबंधी बैठक कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।  विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने के लिये प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया जाएगा। स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस से अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर ने बताया कि अभियान में ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिये अभियान 4 चरणों में चलाया जायेगा। अभियान में ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों में वार्ड स्तरीय समिति और आवेदन/शिकायतों के एकत्रीकरण के लिए दल गठित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तरीय दल गठित किए गए हैं। जिसमें संबंधित ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकता, पटवारी सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अन्य विभागों के मैदानी अमले को शामिल किया गया है।  10 से 30 पंचायतों के बीच क्लस्टर बनाया गया है, जिसका नोडल अधिकारी संबंधित क्षेत्र के एडीओ व पीसीओ को नियुक्त किया गया है। ग्राम स्तरीय समिति ग्राम पंचायत के विभिन्न ग्रामों एवं वार्डाें में शिविर लगाकर जन समस्याएं प्राप्त करेगी। इसी तरह नगरीय क्षेत्रों में 5 से 10 वार्डों का जोन  बनाया जाएगा। जोन स्तर पर शिविर लगाकर आम जन से शिकायतें प्राप्त की जाएंगी।  जिसका एक नोडल अधिकारी होगा। सम्पूर्ण कार्यवाही सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संपादित की जायेगी। पोर्टल में एक प्रथम माड्यूल तैयार कर अधिकारियों एवं नागरिकों के लिए लॉगिन क्रिएट करने की सुविधा दी जाएगी।

अभियान का प्रथम चरण
संकल्प एवं समाधान अभियान का प्रथम चरण 12 जनवरी से 15 फरवरी, 2026 तक चलेगा। इसमें आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही की जावेगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत/नगरीय निकायों के वार्ड में नगरीय वार्ड स्तरीय समिति बनाना होगी जिसमें ग्राम/नगरीय वार्ड स्तर के अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित रहेंगे। पंचायत/नगरीय वार्ड स्तर पर आवेदन/शिकायतों के एकत्रीकरण के लिए दल गठित किया जाएगा, जिसका एक नोडल अधिकारी होगा। यह दल शासन की विभिन्न योजनाओं/सेवाओं से संबंधित आवेदन व शिकायतों को शिविर लगाकर या घर-घर जाकर एकत्रित करेगा। नोडल अधिकारी का यह दायित्व होगा कि वह अपने लॉगिन से सभी आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज करे।
पोर्टल पर दर्ज करने के बाद सभी आवेदनों को क्लस्टर/जोन लेवल के अधिकारी के पास जमा किया जाएगा। क्लस्टर/जोन लेवल अधिकारी आवेदनों को विभागवार संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिये प्रेषित कर निराकरण की स्थिति प्राप्त करेगा । अभियान के प्रारंभिक चरण में प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा जिलेवार कलेक्टर एवं कमिश्नर की वीडियो कांफ्रेंसिंग से समय-समय पर की जाएगी।

अभियान का दूसरा चरण

अभियान का दूसरा चरण 16 फरवरी, 2026 से प्रारंभ होकर 16 मार्च, 2026 तक चलेगा। अभियान के द्वितीय चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर लेवल पर एवं नगरीय क्षेत्रों में नगर जोन स्तर पर नोडल अधिकारी के रूप में तहसीलदार/नायब तहसीलदार/मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत/मुख्य नगर पालिका अधिकारी /विकासखंड शिक्षा अधिकारी/जोनल अधिकारी अथवा समकक्ष अधिकारी रहेंगे।

द्वितीय चरण में प्रथम चरण में प्राप्त आवेदन के साथ शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के लिये शिविर लगाए जाएंगे।

अभियान का तीसरा चरण

अभियान का तीसरा चरण दिनांक 16 मार्च, 2026 से 26 मार्च, 2026 तक चलेगा। इस चरण में विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व/तहसीलदार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत/ मुख्य नगर पालिका अधिकारी रहेंगे। इस चरण में ब्लॉक नगर स्तर पर शिविर आयोजित किए आएंगे, जिसमें क्लस्टर, जोन लेवल पर अनिराकृत आवेदन व शिकायतों/नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।

विकासखण्ड मुख्यालयों में जहाँ नगर पंचायत या नगर पालिका स्थित है, उनमें सम्मिलित रूप से विकासखण्ड मुख्यालय स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में किए गए निराकरणों को ब्लॉक लेवल नोडल अधिकारी द्वारा विहित पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
अभियान का चतुर्थ चरण
अभियान का चतुर्थ चरण 26 मार्च से 31 मार्च, 2026 तक चलेगा। इसमें जिला स्तर पर शिविर आयोजित कर समस्त अनिराकृत शेष आवेदन व शिकायती आवेदनों के साथ नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा की जाएगी। प्रभारी मंत्री द्वारा हितग्राहियों/लाभार्थियों को जिला स्तरीय समारोहों में सम्मान पूर्वक हितलाभ वितरण किया जायेगा। संकल्प से समाधान अभियान से संबंधित संपूर्ण कार्यवाही पोर्टल के माध्यम से ही संपादित की जाएगी। पोर्टल में एक पृथक माड्यूल तैयार कर अधिकारियों एवं नागरिकों के लिए लॉगिन बनाने की सुविधा दी जाएगी।

नागरिक भी दर्ज कर सकेंगे पोर्टल पर अपना आवेदन

शिविर में भाग लेने के लिए पोर्टल पर नागरिक शिविर के पूर्व अपनी सुविधानुसार शिविर रोस्टर से शिविर का चयन कर अपना आवेदन पोर्टल पर दर्ज कर पंजीयन कर सकेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर जिन आवेदनों का निराकरण कल्स्टर लेवल पर किया जा सकता है उन्हें हितलाभ वितरण क्लस्टर लेवल शिविर में प्रदान किया जाएगा। शिविर में प्राप्त होने वाले अथवा शिविर के ठीक पूर्व पोर्टल पर दर्ज होने वाले नवीन आवेदनों को भी विचार में लिया जाएगा और उनका विधिवत निराकरण किया जाएगा। सभी जिले शिविरों में प्राप्त समस्त आवेदनों का अंतिम निराकरण दिनांक 31 मार्च, 2026 तक अनिवार्य रूप से कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम, जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रगति वर्मा, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर, अन्तोनिआ एक्का, सुश्री अर्चना मिश्रा, श्री गैलेक्सी नागपुरे सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

प्रधानमंत्री श्री मोदी के 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने के लिए उठाए कदम स्वागत योग्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Newsdesk

शुभ मोटर्स में सेंट्रल जीएसटी का छापा, टैक्स चोरी की आशंका पर दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

Newsdesk

पनागर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading