अनूपपुर, नवभारत। अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैतहरी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत सहित जप्त किया है। 9 फरवरी को थाना जैतहरी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सगमन घाट पाटन से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु थाना जैतहरी पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए मुखबिर के बताए स्थान पर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान सगमन घाट पाटन से एक लाल रंग का महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर, जिसके साथ नीले रंग की ट्रॉली में रेत लोड थी, अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया। पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को रोककर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम राजेश सिंह पिता शिवदास सिंह उम्र 31 वर्ष निवासी आमाडांड बताया। चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किंतु वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात पुलिस द्वारा मौके से रेत सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। उक्त चालक/मालिक के विरुद्ध अवैध रेत परिवहन के संबंध में संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।


