23.6 C
Jabalpur
September 19, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

चिकित्सा और विधि जगत ने साझा की नैतिक मूल्यों पर दृष्टि



जबलपुर। Indian Medical Association (IMA) जबलपुर द्वारा आयोजित EthicsCon कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन का विधिवत उद्घाटन IMA House, राइट टाउन जबलपुर में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश IMA के अध्यक्ष डॉ. बी. एम. शरणागत, मप्र मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अशोक खंडेलवाल, डॉ. संजय मिश्रा (सीएमएचओ एवं रीजनल डायरेक्टर हेल्थ), नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के कार्यकारी डीन डॉ. आशीष सेठी सहित IMA जबलपुर के पदाधिकारी एवं बाहर से आए गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने उद्बोधन में न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा ने चिकित्सा और वकालत को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि दोनों ही पेशे मानव गरिमा की रक्षा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने वर्तमान समय में नैतिकता आधारित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। IMA जबलपुर की अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ‘डॉ. एम. सी. डावर अवार्ड’ की परिकल्पना एवं उसके क्रियान्वयन की जानकारी दी।
दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। डॉ. अमरेंद्र पांडे एवं डॉ. आदित्य परिहार ने कफ सिरप त्रासदी, रैपिड एक्शन ग्रुप, चिकित्सकों पर हमले, दुर्भावनापूर्ण प्रकरण दर्ज कराने की प्रवृत्ति तथा दूषित जल से हुई मौतों जैसे मुद्दों पर विचार रखे। जबलपुर में डॉ. हेमलता श्रीवास्तव के साथ हुई घटना पर भी चर्चा हुई, जिसमें IMA द्वारा दिए गए समर्थन की जानकारी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त क्वैकरी (झोलाछाप चिकित्सा), ओवर-द-काउंटर दवाओं के दुष्परिणाम तथा अवैध चिकित्सा प्रथाओं पर भी गंभीर विमर्श हुआ। पैनल में डॉ. पुष्पराज भटेले, डॉ. पवन स्थापक, डॉ. बहरानी, डॉ. मोहसिन अंसारी, डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. जतिन धीरावाणी सहित अनेक चिकित्सकों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के समानांतर सत्र में विभिन्न विषयों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने डॉ. विकेश अग्रवाल एवं डॉ. पवन अग्रवाल के मार्गदर्शन में शोधपत्र प्रस्तुत किए। छिंदवाड़ा से आए डॉ. विशिष्ट शुक्ला को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
संध्याकाल में IMA हाउस में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें IMA म्यूजिकल ग्रुप ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। डॉ. अबोली पांसे ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विभिन्न पुरस्कारों की घोषणा भी की गई। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड डॉ. संजय खन्ना (सागर) एवं डॉ. ननोरिया को प्रदान किया गया। ‘डॉ. हेडगेवार राइजिंग स्टार अवॉर्ड’ डॉ. मयूरी बोराह, डॉ. अपूर्वा स्थापक, डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. कुलदीप पाठक एवं IMA सागर के अध्यक्ष डॉ. ताल्हा साद को प्रदान किया गया। ‘श्री सुश्रुत स्टालवार्ट अवॉर्ड’ डॉ. स्नेहलता दुबे (ग्वालियर), डॉ. अल्पना शुक्ला (छिंदवाड़ा), डॉ. नीरज जैन एवं डॉ. अनुमिति जैन को प्रदान किया गया। डॉ एमसी डाबर अवॉर्ड डॉ केके कौल को दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. ऋचा शर्मा, डॉ. शमिक रजा, डॉ. नीरज सेठी, डॉ. अमरेंद्र पांडे, डॉ. पुष्पराज पटेल एवं डॉ. कावेरी पटेल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित चिकित्सकों ने EthicsCon की उपयोगिता और IMA जबलपुर के प्रयासों की सराहना की।

अन्य ख़बरें

सेवा संकल्प अभियान के तहत आईएसबीटी में लगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर

Newsdesk

हिंदू कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

Newsdesk

91 लाख की आय, खर्च 1.68 करोड़; RDVV के पूर्व कर्मचारी नेता का कारनामा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading