हिंदू धर्म सेना सहित विभिन्न संगठनों ने एसपी के नाम सौंपा ज्ञापनजबलपुर। अधारताल थाने में हिंदू कार्यकर्ताओं के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को लेकर हिंदू धर्म सेना सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में संगठनों ने कहा कि प्रकरण को लेकर हिंदू समाज एवं विभिन्न संगठनों में असंतोष है। उनका आरोप है कि मामले में एकपक्षीय शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। संगठनों ने मांग की कि जांच के दौरान संबंधित कार्यकर्ताओं का पक्ष भी सुना जाए और सभी पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच में लगाए गए आरोप निराधार पाए जाते हैं, तो नियमानुसार प्रकरण को समाप्त किया जाए। साथ ही किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका ध्यान रखने की मांग की गई।
संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू धर्म सेना के संस्थापक योगेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत, मुकेश रजक, अविनाश सुखदान, हेमराज उपाध्याय, रिंकू शुक्ला, सोनू रैकवार, सुमित जोशी, हमरत बघेल, सुमित केवट, अभिषेक चौधरी, शंकर, कृष्णा, संस्कार, मुकेश, अंकित, भरत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


