मोबाइल चैट सामने आने के बाद परिजनों ने की शिकायत, धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोपों की भी जांच
जबलपुर। गौर क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करने और निजी तस्वीरें मांगने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने शिक्षक पर छात्रा को अश्लील संदेश एवं वीडियो भेजने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को जांच में शामिल किया है।
परिजनों के अनुसार छात्रा पहले सेंट अलायसियस स्कूल, गौर में पढ़ती थी। इसी दौरान उसकी स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक से पहचान हुई। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा का मोबाइल नंबर लेने के बाद उससे व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू की। बाद में बातचीत कथित रूप से आपत्तिजनक हो गई और छात्रा से निजी तस्वीरें मांगी गईं।
परिजनों का कहना है कि छात्रा के व्यवहार में बदलाव आने पर उन्हें संदेह हुआ। मोबाइल फोन की जांच करने पर एक नंबर ‘मंगेतर’ नाम से सेव मिला। परिवार के अनुसार उक्त नंबर पर लगातार चैट हुई थी और जांच में नंबर शिक्षक का पाया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पहचान छिपाने के लिए नंबर दूसरे नाम से सेव किया गया था।
परिजनों ने शिक्षक पर छात्रा को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता छात्रा के परिजनों के साथ गोराबाजार थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी शिक्षक सैयद फैजान हुसैन को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तिलहरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस मामले से जुड़े मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।


