जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जिले में लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मझौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 2 मोबाइल फोन तथा नगदी में से शेष बचे 1170 रुपये बरामद किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझौली नेहरू सिंह खंडाते के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को विष्णु शरण अग्रवाल (37), निवासी काकरदेही मझौली ने थाना मझौली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी की रात वह अपनी पान एवं मोबाइल दुकान से 18 हजार रुपये घर लाकर कमरे में रखे थे, जहां पहले से 12 हजार रुपये मौजूद थे। रात में अज्ञात चोर गैलरी का ताला तोड़कर घर में घुसा और दराज में रखे कुल 30 हजार रुपये नगद तथा रेडमी और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर थाना मझौली में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए यज्ञशाला मैदान क्षेत्र में दबिश दी और संदेही अनुराग दुबे (23), निवासी मझौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दोनों मोबाइल फोन एवं नगदी में से शेष 1170 रुपये बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध नकबजनी, जुआ एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित लगभग 10 मामले दर्ज हैं।
उल्लेखनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नेहरू सिंह खंडाते के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामजी पाण्डे, आशीष असाटी, मुकेश ठाकुर एवं आरक्षक संदीप पाण्डे की सराहनीय भूमिका रही।


