जबलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर जबलपुर-भोपाल मार्ग स्थित शहपुरा बाईपास ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर यातायात को आंशिक रूप से प्रतिबंधित कर दिया है। ओवरब्रिज में आई तकनीकी क्षति को देखते हुए किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
प्रशासन द्वारा ओवरब्रिज के दोनों ओर भारी सीमेंटेड बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं, ताकि कोई भी वाहन क्षतिग्रस्त हिस्से की ओर प्रवेश न कर सके। इसके साथ ही डायवर्जन प्वाइंट्स पर फ्लोरोसेंट दिशासूचक बोर्ड और सूचना फ्लेक्स लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके। यातायात पुलिस और एनएचएआई के कर्मचारी मौके पर तैनात हैं और लगातार वाहनों को सुरक्षित मार्ग की ओर मोड़ रहे हैं।
जबलपुर से भोपाल की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अंधमुख बायपास और पाटन बायपास मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है, जबकि भोपाल से जबलपुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को पाटन मार्ग से निकाला जा रहा है। हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि प्रभावित क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रूप से संचालित होता रहे।
ओवरब्रिज की तकनीकी जांच के लिए संबंधित विभाग की टीम को बुलाया गया है, जो क्षति का आकलन कर मरम्मत कार्य की रूपरेखा तैयार करेगी। जब तक पुल पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक इस मार्ग पर प्रतिबंध जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करें, यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।


