उगली – केवलारी विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील उगली में इस वर्ष माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा परिणामों में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शासकीय हाई स्कूल उगली की छात्रा कुमारी राही पटले ने कक्षा 10वीं में 500 में से 489 अंक (97.8%) प्राप्त कर पूरे ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल किया है। इतना ही नहीं, वे प्रदेश की टॉप-10 सूची में भी शामिल हुई हैं। साधारण परिवार से आने वाली राही के पिता टेलरिंग (मास्टर) का कार्य करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राही ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
वहीं, मोहबर्रा हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा कुमारी भारती ठाकरे ने कक्षा 12वीं (एडीशनल मैथ्स/बायोलॉजी) में 500 में से 479 अंक (95.8%) प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है। भारती ने सभी पांचों विषयों में डिस्टिंक्शन प्राप्त की है। कृषक परिवार से ताल्लुक रखने वाली भारती के पिता श्री चितरंजन ठाकरे एवं माता श्रीमती अनीता ठाकरे कृषि कार्य करते हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारती ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, गुरुजन, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


