30.2 C
Jabalpur
June 18, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

नर्मदा एवेन्यू में गुंडागर्दी से दहशत: CCTV में कैद मारपीट, रहवासियों ने एसपी-एएसपी से लगाई गुहार

जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के पास स्थित नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट में इन दिनों भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। 50 से अधिक परिवारों ने आरोप लगाया है कि इलाके के कुछ बदमाश लगातार अपार्टमेंट में घुसकर हंगामा, गाली-गलौच और मारपीट कर रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

रहवासियों के अनुसार, 9 अप्रैल की रात करीब 11:10 बजे आरोपी शैवाल नायक उर्फ बमबम अपने साथियों के साथ शराब के नशे में अपार्टमेंट में घुस आया और उत्पात मचाने लगा। ड्यूटी पर तैनात आंशिक दिव्यांग सुरक्षा गार्ड संजय झारिया ने विरोध किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के सामने अभद्रता और अश्लील गालियां दी गईं, जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई।

करीब 15 मिनट तक चली इस पूरी घटना का वीडियो अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि सुरक्षाकर्मी लगातार अपनी ड्यूटी का हवाला देता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने।

घटना के दौरान रात 11:16 बजे रहवासियों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस के पहुंचने में देर हो गई और तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। जनवरी से अब तक कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। थाने, एसपी कार्यालय और नगर निगम में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कुछ परिवार अब अपना फ्लैट छोड़ने पर विचार कर रहे हैं।

पीड़ित गार्ड संजय झारिया ने भी गोरखपुर थाना और अजाक थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां भी कार्रवाई न होने के आरोप लगाए गए हैं। रहवासियों ने आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की आशंका जताई है।

वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि वे स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य ख़बरें

दिल्ली पुलिस ने साइबर-हॉक 5.0 के तहत साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया

Newsdesk

‘लोकतंत्र में कोई संस्था जवाबदेही से ऊपर नहीं’, दिग्विजय सिंह ने प्रियंक खड़गे के सवालों का किया समर्थन

Newsdesk

बिजुरी नगर पालिका का लोक कल्याण शिविर बना जनसेवा का केंद्र, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading