जबलपुर। किशोरियों को जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से जिले में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन (HPV) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 28 फरवरी से प्रारंभ होकर 31 मई 2026 तक चलेगा। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से यह पहल तेजी पकड़ रही है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को टीका लगाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में उन बालिकाओं को शामिल किया गया है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं हुई है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस वैक्सीन की एक डोज का बाजार मूल्य लगभग 4500 रुपये से अधिक है, लेकिन सरकार द्वारा इसे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
टीकाकरण को अधिक सुलभ बनाने के लिए जिले में टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। साथ ही, नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने के साथ ही सरकारी और निजी स्कूलों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर किशोरियों को टीका लगा रही हैं।
प्रारंभिक दौर में वार्षिक परीक्षाओं के कारण अभियान की गति थोड़ी धीमी रही, लेकिन अब स्कूल खुलने और जागरूकता कार्यक्रमों के चलते इसमें तेजी आई है। अभिभावकों में भी जागरूकता बढ़ी है और वे स्वयं अपनी बेटियों को टीकाकरण केंद्रों तक लेकर आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह अभियान आने वाले समय में महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में अहम भूमिका निभाएगा और समाज को एक स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाएगा।


