प्रदेश की प्रावीण्य सूची में सबसे अधिक बालाघाट जिले के 45 छात्र-छात्राओं ने बनाया है स्थान
माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र भोपाल की हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा-2026 का परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया है। बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में बालाघाट जिले के 45 छात्र-छात्राओं ने अपना स्थान बनाकर बालाघाट जिले को गौरवान्वित किया है। प्रदेश के सभी 55 जिलों में बालाघाट एकमात्र ऐसा जिला है जिसके सबसे अधिक 45 छात्र-छात्राओं ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है।
प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले इन होनहार विद्यार्थियों का 18 अप्रैल को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में सभी 45 छात्र-छात्राओं को कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान किया। कार्यक्रम में जिले को गौरवान्वित करने वाले इन छात्र-छात्राओं का हार पहनाकर कर स्वागत किया गया और उनका मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के साथ उनके विद्यालय के शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस सफलता को हासिल करने में छात्र-छात्राओं की मेहनत के साथ उनके शिक्षकों का परिश्रम और माता-पिता का प्रोत्साहन शामिल है। कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार परीक्षा परिणाम के लिए उन्होंने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि वे इस सफलता को आगे की कक्षाओं में भी बरकरार रखेंगे। उनकी इस सफलता से अन्य बच्चों को भी अच्छी पढ़ाई कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि प्रतियोगिता के इस दौर में वे अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के बाद उसे निरंतर बनाए रखना चुनौती पूर्ण कार्य होता है। अथक परिश्रम से ही इस चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों पर अपेक्षाओं का बोझ ना डालें, बल्कि उन्हें निरंतर अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित करें।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय ने इस अवसर पर बताया कि कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा नियमित रूप से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए समीक्षा की जाती रही है और परीक्षा परिणाम बेहतर लाने के निर्देश दिए जाते थे। जिले की शालाओं में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके द्वारा तत्परता से प्रयास किए गए हैं। शाला में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की गई। उनके निरंतर मार्गदर्शन में बालाघाट जिले के शिक्षकों ने निरंतर अच्छा काम किया है, जिसके कारण बालाघाट जिले का बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम बहुत अच्छा आया है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे इन परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण हो गये हैं उन्हें एकेडमिक मार्गदर्शन देने के लिए टाइम-टेबल बनाया गया है और उनकी 05 मई तक कक्षाएं लगाई जाएंगी।
जिले की बालिकाओं ने लहराया परचम,34 बालिकाए प्रावीण्य सूची में शामिल
कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट के प्राचार्य श्री शरद ज्योतिषी ने बताया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में बालाघाट जिले के कुल 45 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 10 वीं के 37 एवं कक्षा 12 वीं के 08 विद्यार्थी हैं। इसमें 34 बालिकाएं और 11 बालक हैं। बालाघाट जिला मध्यप्रदेश राज्य का सर्वाधिक स्त्री-पुरुष लिंगानुपात वाला जिला है यहां पर 1000 पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 1021 है। बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में बालिकाओं की संख्या में भी यह परिलक्षित हो रहा है। बालाघाट जिले का कक्षा 10 वीं का परिणाम 87.19 प्रतिशत और कक्षा 12 वीं का परिणाम 86.67 प्रतिशत रहा है।
हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतेरा की कु. अक्षरा घोडेश्वर ने 500 में से 498 अंक लेकर दूसरा स्थान, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवाडाघाट के शिवम बोपचे ने 497 अंक लेकर तीसरा स्थान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाम की कु. भूमि बिसेन ने 496 अंक लेकर चौथा स्थान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बल्हारपुर के दिव्यांश चावके एवं सांदीपनि विद्यालय बालाघाट की नैना लिल्हारे ने 495 अंक लेकर पांचवा स्थान, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैहर के निश्चय राणा एवं कु. डेजी बिसेन तथा शासकीय हाईस्कूल टेकाडी की कु. निधी पुंड, शासकीय हाई स्कूल सारद सिवनी की कुमारी पल्लवी बांते व सांदीपनि विद्यालय बालाघाट के रेयांश चौरागढे ने 494 अंक लेकर छटवॉ स्थान प्राप्त किया है।
इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेरी की जागृति लिल्हारे, हायर सेकेण्डरी विद्यालय जाम के विनायक ठाकरे, नवीन हाईस्कूल रिसेवाडा के रौनक बागडे, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लेण्डेझरी के पियुष टेम्भरे, सांदीपनि विद्यालय बालाघाट के अनंत पंचेश्वर, कु. अंशिका गंगभोज ने 493 अंक लेकर 07वॉ स्थान, एमसीएस स्कूल बालाघाट की कु. दिशा गौतम, सार्थक पब्लिक स्कूल किरनापुर की कु. विशाखा बापुरे, बालाघाट पब्लिक स्कूल नर्मदा नगर के ललित पारधी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवाडाघाट की तनवी नगपुरे ने 492 अंक लेकर आठवॉ स्थान, एमसीएस स्कूल बालाघाट की कु. शिवांगी पाण्डे, सरस्वती शिशु मंदिर किरनापुर की कु. रागिनी पटले, हायर सेकेण्डरी स्कूल आलेझरी की कु. मनु काटनकर, हाईस्कूल कोसुम्बा के डेविड उचबगले, हाईस्कूल टेकाडी की कु. वाणी सोनी, नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटंगझरी की कु. पीहू परीमल, उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट की कु. हीना ठाकरे, वीरांगना रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालाघाट की कु. यामिनी शरणागत, कु. हिमांशी कुथे ने 491 अंक लेकर 09वॉ स्थान, केशव इंग्लिश हाईस्कूल वारासिवनी की कु. प्रीत राणा, आईडियल पब्लिक स्कूल वारासिवनी की कु. माही सुलाखे, सांदीपनि स्कूल रजेगांव की कु. स्मृति कावरे, बालक हायर सेकेण्डरी स्कूल लालबर्रा की कु. अंशु राहंगडाले, कु. माही राहंगडाले, सांदीपनि स्कूल बालाघाट की कु. निशा तिलासे, कु. श्वेता बाटे, कु. देवांशी देशमुख ने 490 अंक लेकर 10वॉ स्थान प्राप्त किया है।
12वीं हायर सेकेण्डरी परीक्षा में कला समूह से शिवम अवधिया हायर सेकेण्डरी स्कूल बल्हारपुर ने 500 में से 482 तथा गणित समूह की कु. भावना पटले कन्या उच्चतर हायर सेकेण्डरी कटंगी ने 500 में से 485 अंक हासिल कर 08वॉ स्थान, वाणिज्य समूह के आर्य गिरी गोस्वामी नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माटे ने 481 अंक प्राप्त कर 10वॉ, कृषि समूह से स्वाति उइके एवं मृणाली ठवरे हायर सेकेण्डरी झालीवाडा ने 484 अंक प्राप्त कर 05वॉ स्थान, जीव विज्ञान समूह से कु. स्तुति जैन वैदिक कान्वेंट इंग्लिश मीडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लालबर्रा ने 489 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान एवं इसी स्कूल की कु. अश्विनी पारासर ने 483 अंक प्राप्त कर 09वॉ स्थान, अदिती तिवारी उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट ने 500 में से 482 अंक प्राप्त कर 10वॉ स्थान प्राप्त किया है।
शिक्षिका शकुन नगपुरे की कक्षा के 05 बच्चे प्रावीण्य सूची में शामिल
प्रदेश की कक्षा 10 वीं की प्रावीण्य सूची में बालाघाट जिले के 37 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है। इसमें सांदीपनि विद्यालय बालाघाट की कक्षा 10 की कक्षा शिक्षिका श्रीमती शकुन नगपुरे की कक्षा के 05 विद्यार्थी शामिल हैं।इन बच्चों की सफलता में शिक्षिका शकुन नगपुरे का परिश्रम भी शामिल है जो अन्य शिक्षिकों के लिए प्रेरणादायी है।


