टिहरी गढ़वाल, 25 अप्रैल । जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रभारी मंत्री और कृषि एवं किसान कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में जिला योजना की समीक्षा बैठक शनिवार, 25 अप्रैल 2026, को जिला कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी, में आयोजित हुई। बैठक में पेयजल, पर्यटन, विकास कार्यों और दीर्घकालिक योजना पर विस्तृत मंथन हुआ।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिला योजना को अधिक प्रभावी और दूरदर्शी बनाया जाए। उन्होंने जोर दिया कि सभी योजनाओं का निर्माण जनप्रतिनिधियों, विधायकों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से किया जाए। आगामी 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य की चुनौतियों का सामना किया जा सके।
मंत्री ने पानी की समस्या को राष्ट्रीय स्तर की चुनौती बताते हुए कहा कि इसके समाधान के लिए सुनियोजित और प्रभावी विकास योजना बनाई जाए। उन्होंने जिलाधिकारी को पर्यटन विभाग की अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा देने के नए आयाम विकसित किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने बैठक में जिले के विभिन्न नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिसों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ‘माई ब्लॉक माई शॉप’ योजना चलाई जा रही है, जिसमें स्थानीय उत्पादों का विपणन किया जाता है। इसके अलावा जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए फीडिंग रूम, सभी ब्लॉकों में ‘माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी’, ‘फिजिक्स वाला’ के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग और नई स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकास कार्य तेजी से चल रहा है।
जिलाधिकारी ने जिला योजना का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। वर्ष 2026-27 के लिए कुल 95 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपए की वित्तीय मांग रखी गई। केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं के तहत कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभागों के कार्यों को पीपीटी के माध्यम से दिखाया गया। इनमें घेरबाड़ कार्य, ट्राउट मछली उत्पादन, कीवी फल उत्पादन, गोट वैली विकास, पर्यटन व्यू पॉइंट्स, सीएचसी/पीएचसी की मरम्मत और विद्यालयों में शौचालय निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
बैठक में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने अपने क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या उठाई। डीएफओ पुनीत तोमर ने सड़क कटान से जल स्रोतों पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने एडीबी द्वारा निर्माणाधीन आईएसबीटी और बौराड़ी मार्केट की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। धनोल्टी और टिहरी विधायकों ने रिंग रोड निर्माण और विद्यालयों में शौचालय बनाने के कार्यों पर चर्चा की।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने मंत्री गणेश जोशी, सभी विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया।


