100 डेज़ टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली गति
डिंडौरी सी टाइम्स । कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. मनोज उरैती के निर्देशन में जिले में संचालित 100 Days TB Mukt Bharat Abhiyanके अंतर्गत जिला जेल परिसर में विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों के बीच टीबी रोग की शीघ्र पहचान, रोकथाम एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान बंदियों की डिजिटल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से स्क्रीनिंग की गई। जिन बंदियों में टीबी के संभावित लक्षण पाए गए, उनकी मौके पर ही खखार (स्पुटम) जांच कराई गई, ताकि रोग की पुष्टि होने पर त्वरित उपचार प्रारंभ किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उच्च जोखिम समूहों की विशेष पहचान कर उनकी गहन जांच एवं सतत निगरानी की गई। साथ ही बंदियों को टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय, संतुलित पोषण की आवश्यकता तथा उपचार की पूर्ण अवधि तक दवा लेने के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
जेल जैसे बंद एवं संवेदनशील वातावरण में इस प्रकार के शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि यहां संक्रमण के फैलने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे प्रयास बंदियों के साथ-साथ जेल स्टाफ के स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि जिन बंदियों में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें शासन की निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत पोषण सहायता एवं नियमित फॉलो-अप भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर जनजागरूकता के संदेश दिए गए- “टीबी हारेगा, देश जीतेगा”
“समय पर जांच, सही उपचार – टीबी से मिलेगा छुटकारा”
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
————————————————–


