डिंडोरी सी टाइम्स । डिंडोरी जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक विवाह समारोह के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया जब वरमाला के दौरान अचानक दूल्हे की प्रेमिका पहुंच गई। प्रेमिका के पहुंचते ही विवाह समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया यह भी जा रहा है कि नाराज वधु पक्ष के लोगों ने दूल्हे और प्रेमिका की पिटाई कर दी जिससे दूल्हा बेहोश हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और जैसे तैसे स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद पुलिस दूल्हे और प्रेमिका को थाने ले गई है जहाँ देर रात तक मामले की जांच जारी है। प्रेमिका का कहना है की शादी रचाने से पहले उसने अपने प्रेमी को आख़िरी बार मिलने के लिये बुलाया था लेकिन वो नहीं आया जिसके कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा तो वहीं दूल्हे राजा भी प्रेमिका के साथ अफेयर की बात को स्वीकारते हुए उसकी इजाज़त लेने के बाद शादी रचाने की बात कह रहे हैं। बताया जा रहा है कि बारात अमरपुर विकासखण्ड के भैंसवाही गांव से आई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
————————————————–


