जबलपुर। शहर के रामपुर स्थित मध्यप्रदेश विद्युत विभाग के तरंग ऑडिटोरियम में शनिवार शाम अभिनेता आशुतोष राणा के कार्यक्रम के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद ऑडिटोरियम की बिजली बंद हो गई और पूरे परिसर में अंधेरा छा गया, जिसके चलते महानाट्य ‘हमारे राम’ का मंचन बीच में रोकना पड़ा और दूसरा शो रद्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच ‘हमारे राम’ कार्यक्रम का मंचन चल रहा था। इसी दौरान ग्रीन रूम के नीचे स्थित कंट्रोल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगते ही धुआं फैलने लगा और सुरक्षा के मद्देनजर परिसर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
घटना के बाद आयोजकों और कर्मचारियों ने ऑडिटोरियम में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर नगर निगम के फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद मोबाइल टॉर्च की रोशनी में अभिनेता आशुतोष राणा सहित सभी कलाकारों और दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि विद्युत विभाग के भवन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों के बीच इसको लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


